तेल पाइपलाइन से चोरी करने वालों पर लगेगा एनएसए, 19 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने वाली पुलिस टीम सम्मानित

एसएसपी की अध्यक्षता में पुलिस और तेल कंपनियों की समन्वय बैठक, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने चार पुलिस अधिकारियों को दिया प्रशस्ति पत्र

मथुरा। जनपद से होकर गुजरने वाली तेल पाइपलाइनों की सुरक्षा को लेकर मथुरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। भूमिगत पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचाने और तेल चोरी करने वाले अपराधियों के खिलाफ अब कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सख्ती से तेल चोरी के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों में हड़कंप मचने की संभावना है।

मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की अध्यक्षता में पुलिस और विभिन्न तेल कंपनियों के अधिकारियों की जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की भूमिगत पाइपलाइनों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि पाइपलाइन से तेल चोरी या उसे क्षति पहुंचाने की किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। साथ ही पुलिस और तेल कंपनियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक के दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइंस के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख शरद अग्रवाल ने सितंबर 2023 में सामने आए एसएमपीएल पाइपलाइन तेल चोरी मामले में मथुरा पुलिस की कार्रवाई की विशेष सराहना की। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की करीब 19 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की थी। उन्होंने कहा कि मथुरा पुलिस की यह कार्रवाई संगठित तेल चोरी के अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह कार्रवाई भविष्य में देशभर में पाइपलाइन से तेल चोरी के मामलों में पुलिस के लिए एक मानक साबित हो सकती है।

इस उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की ओर से एसएसपी श्लोक कुमार सहित चार पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एसएसपी श्लोक कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी और थाना फरह के तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं वर्तमान में जैंत थाना प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल शामिल रहे। शरद अग्रवाल ने सम्मानित अधिकारियों और उनकी टीम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रभावी पुलिस कार्रवाई से पाइपलाइन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही तेल चोरी जैसे संगठित अपराधों में शामिल अपराधियों को कड़ा संदेश जाएगा।

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने जनपद से होकर गुजरने वाली सभी पेट्रोलियम पाइपलाइनों की सुरक्षा के लिए संयुक्त प्रयास करने और आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई। बैठक में तेल कंपनियों के बीपी पोद्दार, प्रवीण कुमार, टीएम शिवकुमार, पुष्प राज पटेल, नितिन अग्रवाल, योगेंद्र शर्मा, अंकुर चौहान और विपिन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।