मथुरा में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी , 17000 से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग


मथुरा । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से प्रारंभ हो गई है। जो शाम 4 बजे तक चलेगा। जिले में 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,363 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 7 जोनल और 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 41 माइक्रो ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं। खण्ड शिक्षक हेतु कुल 6694 मतदाता (4315 पुरुष व 2379 महिला) है तथा खण्ड स्नातक हेतु कुल 10669 मतदाता (7175 पुरुष व 3494 महिला) है।

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 केंद्रों पर 19 बूथ शिक्षक निर्वाचन के लिए और 19 बूथ स्नातक मतदाताओं के लिए बनाए गए हैं। मतदान स्थलों पर सभी प्रत्याशियों के अभिकर्ता (एजेंट) मौजूद हैं और सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सेक्टरों में जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अभी तक किसी भी प्रत्याशी की ओर से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं से सभी संतुष्ट हैं। प्रशासन ने सभी प्रबुद्ध और पढ़े-लिखे मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का बढ़-चढ़कर प्रयोग करें क्योंकि यह देश के शिक्षक और स्नातक वर्ग का महत्वपूर्ण मतदान है। 

डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदान के दौरान प्रतिरूपण यानी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर वोट डालने से रोकने के लिए पहचान पत्र दिखाना जरूरी होगा। जिन मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र जारी किया गया है, उन्हें मतदान से पहले इसे प्रस्तुत करना होगा।

यदि कोई मतदाता अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो वह अपनी पहचान साबित करने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखा सकता है।

इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी या निजी औद्योगिक प्रतिष्ठानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों-विधायकों और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र शामिल हैं।