वृंदावन में दर्दनाक हादसा: तीन मंजिला गेस्ट हाउस का छज्जा गिरा, महिला मजदूर की मौत, एक घायल

​रिपेयरिंग कार्य के दौरान हुआ हादसा; एसपी सिटी ने स्थल का किया निरीक्षण, जांच और कानूनी कार्रवाई के दिए आदेश

​मथुरा/वृंदावन (विशेष संवाददाता)। वृंदावन क्षेत्र में एक तीन मंजिला गेस्ट हाउस की मरम्मत के दौरान अचानक छज्जा गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर पड़े जिनमें से एक महिला मजदूर की दुखद मौत हो गई जबकि दूसरे मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मृतक महिला का नाम रचना है जबकि घायल मजदूर का नाम कप्तान है जिसका उपचार रामकृष्ण अस्पताल में चल रहा है।

​जानकारी के अनुसार वृंदावन स्थित कृपालु महाराज के पुराने आश्रम के नजदीक रविवार दोपहर एक बजे के लगभग चिंटू गौतम के एक तीन मंजिला गेस्ट हाउस की इमारत पर रिपेयरिंग का काम चल रहा था। काम के दौरान ही इमारत का छज्जा अचानक टूटकर गिर गया। छज्जा टूटने से वहां काम कर रहे दो मजदूर अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान महिला मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है। ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आपात स्थिति में निरीक्षण किया।

​”वृंदावन में गेस्ट हाउस की तीन मंजिला इमारत पर रिपेयरिंग का काम चल रहा था, तभी छज्जा टूटने से दो मजदूर नीचे गिर गए। अस्पताल में एक महिला मजदूर को मृत घोषित किया गया है तथा दूसरे का इलाज जारी है। घटना के कारणों और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
— पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा

​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गेस्ट हाउस में निर्माण/रिपेयरिंग के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।