शरद पूर्णिमा पर तलहटी में सजेगा भव्य छप्पन भोग महोत्सव , चांदनी महल में दर्शन देंगे गिर्राज महाराज

मथुरा । शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर, रविवार को श्री गिर्राज जी सेवा ट्रस्ट मथुरा की ओर से गिर्राज तलहटी स्थित श्री गिरवर निकुंज में दिव्य एवं भव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में ठाकुर श्री गिर्राज जी महाराज नाथद्वारा शैली में निर्मित चांदनी महल के भीतर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस दौरान हजारों किलो प्रसाद सामग्री का भोग अर्पित किया जाएगा। द्वापर युग से जुड़ी भगवान श्रीकृष्ण की छप्पन भोग परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ट्रस्ट परिवार इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य स्वरूप देने में जुटा है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। चंद्रमा की धवल चांदनी के बीच चांदनी महल का निर्माण कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। महल की सजावट ऐसी होगी कि श्रद्धालुओं को राधारानी और गोपियों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के महारास एवं शरदोत्सव की दिव्य झांकी का अनुभव होगा।

महोत्सव को आकर्षक स्वरूप देने के लिए चांदनी महल को सजाने हेतु देश-विदेश से विशेष पुष्प मंगाए जा रहे हैं। पूरी गिर्राज तलहटी में भव्य विद्युत सजावट की जाएगी। वहीं, चांदनी महल के बाहर बनाए जा रहे भव्य जल फव्वारे आयोजन की शोभा में चार चांद लगाएंगे। चांदनी रात में सजे महल और रोशनी से जगमगाती तलहटी का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। छप्पन भोग महोत्सव के अंतर्गत संध्या काल में भव्य भजन संध्या और महारास लीला का आयोजन किया जाएगा। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निरंतर प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी, जिससे अधिक से अधिक भक्त ठाकुर जी का प्रसाद ग्रहण कर सकें।

ट्रस्ट परिवार ने सभी श्रद्धालुओं से 25 अक्टूबर को छप्पन भोग महोत्सव में पहुंचकर ठाकुर श्री गिर्राज जी महाराज के दिव्य दर्शन करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन के अंतर्गत ठाकुर जी की शयन आरती रात्रि 12 बजे होगी।