गतिमान एक्सप्रेस के ठहराव से लेकर मथुरा-अलीगढ़ रेल लिंक और दो आरओबी तक उठाई आवाज — जंक्शन की सफाई व सौंदर्यीकरण पर भी जोर
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल से संबंधित मथुरा संसदीय क्षेत्र में रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रेलवे के समक्ष रखे हैं। 14 सितंबर 2026 को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को भेजे पत्र में सांसद ने मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस का ठहराव कराने सहित कुल 12 प्रमुख सुझावों पर कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस के ठहराव को आवश्यक बताते हुए कहा कि यह प्रस्ताव पूर्व की बैठक में भी रखा जा चुका है। इसके अलावा आगरा कैंट से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन संख्या 20175 और 20176 का संचालन मथुरा जंक्शन तक किए जाने का सुझाव दिया गया है।
मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग की जगह सड़क मार्ग बनाए जाने के प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी मांगी गई है। सांसद ने नए बस स्टैंड और भूतेश्वर अंडरपास की कम चौड़ाई के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए दोनों अंडरपास की चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता जताई है।
मथुरा जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म संख्या 1 2 8 9 और 10 को आपस में जोड़ने के लिए आगरा की ओर अंतिम छोर पर फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
पत्र में मथुरा से अलीगढ़ जनपद को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए मथुरा जंक्शन-हाथरस-कासगंज रेल लाइन को उत्तर मध्य रेलवे के मंड से अलीगढ़ की ओर रेल लाइन से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी जानकारी मांगी गई है। सांसद ने पूछा है कि संबंधित प्रस्ताव पर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज द्वारा क्या कार्रवाई की जा रही है। यदि प्रस्ताव लंबित है तो उसे शीघ्र संस्तुति के साथ रेलवे बोर्ड को भेजने की मांग की गई है।
बढ़ते यातायात को देखते हुए धौली प्याऊ स्थित गेट संख्या 357 पर जनहित में रेल ओवरब्रिज बनाने की मांग की गई है। इसी तरह धौली प्याऊ से राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गेट संख्या 358 पर भी रेल ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।
सांसद ने मथुरा जंक्शन छाता कोसी और गोवर्धन रेलवे स्टेशनों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया है। विशेष रूप से मथुरा जंक्शन स्टेशन की सफाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताई गई है। इसके साथ ही मथुरा जंक्शन कोसी और गोवर्धन स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
मथुरा जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार तथा द्वितीय और तृतीय प्रवेश द्वार के अधिक सौंदर्यीकरण की आवश्यकता भी पत्र में बताई गई है। सांसद ने कहा है कि यह प्रस्ताव पूर्व की बैठक में भी दिया जा चुका है।
इसके अलावा मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार के बाहर गोपाल नगर की ओर नए बस स्टैंड से राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने के लिए 30 मीटर चौड़ा मार्ग बनाए जाने के पुराने प्रस्ताव की स्थिति भी मांगी गई है। इसके लिए रेलवे भूमि को रक्षा मंत्रालय से डीलिजिंग कराने की वर्तमान स्थिति से अवगत कराने को कहा गया है।
सांसद के इन प्रस्तावों से मथुरा जंक्शन की यात्री सुविधाओं में सुधार के साथ शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और मथुरा को आसपास के प्रमुख शहरों से रेल कनेक्टिविटी के स्तर पर मजबूत करने की उम्मीद बढ़ी है।