बिजली कटौती से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे वृंदावन के व्यापारी

चुंगी चौराहे से रंगजी मंदिर विद्युत उपकेंद्र तक निकाला पैदल मार्च, सात सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

वृंदावन। नगर में लगातार हो रही विद्युत कटौती और विद्युत व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को व्यापारियों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की वृंदावन इकाई के नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। चुंगी चौराहे से शुरू हुआ पैदल मार्च रंगजी मंदिर स्थित विद्युत विभाग के उपकेंद्र पर पहुंचा। यहां व्यापारियों ने विद्युत अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

उपकेंद्र पहुंचने के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एसडीओ राहुल चौरसिया एवं के. सुनील कुमार को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि वृंदावन धार्मिक नगरी है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में लगातार विद्युत कटौती से व्यापारियों के साथ स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। इसके बावजूद वृंदावन में आए दिन बार-बार विद्युत कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्युत कटौती के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि मुखर्जी पार्क में नया फीडर बने करीब पांच माह बीत चुके हैं लेकिन अभी तक उसे चालू नहीं किया गया है। उन्होंने फीडर को तत्काल शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले पड़े विद्युत बॉक्स और पैनलों को दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई गई।

व्यापार मंडल ने गौरा नगर कॉलोनी में पूरनजीती वाले ट्रांसफार्मर के पास 250 केवी का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। बताया गया कि कॉलोनी में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन भूमिगत की जा चुकी है लेकिन पुरानी लाइन अभी तक नहीं हटाई गई है। व्यापारियों ने पुरानी लाइन को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही जर्जर विद्युत खंभों को दुरुस्त कराने और मंदिरों के आसपास लटक रहे खुले तारों एवं केबलों को व्यवस्थित कराने की मांग भी की गई।

एसडीओ राहुल चौरसिया ने कहा कि व्यापार मंडल की ओर से सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया है। संबंधित मांगों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिन मांगों का निस्तारण उच्च अधिकारियों के स्तर से होना है उन्हें उनके समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन में विजय राघव शेरू, शिवा गौतम, बाबू दास यादव, ईश्वर कौशिक, कल्लू पहलवान, शाहिद कुरैशी, राहुल शुक्ला, गोविंद बघेल, मोहन कुमार शर्मा, बंटी बघेल, शुभम सारस्वत, प्रमोद कुमार, गौरव सैनी, संजय अग्रवाल, राम चौधरी, हरि ठाकुर, श्याम शर्मा, गोलू वर्मा, सोनू अग्रवाल, श्याम चौधरी, विशाल अग्रवाल, विनय सक्सेना, देवेंद्र चौहान, मुकुंद बिहारी अग्रवाल, गिरधर शर्मा, मुकेश अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।