​’5 करोड़ देकर बुलाया आश्रम…’ फलाहारी महाराज के दावे पर भड़के विराट कोहली, दिया करारा जवाब

​मथुरा। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने फलाहारी महाराज (दिनेश शर्मा) द्वारा लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि वे और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा 5 करोड़ रुपये लेकर वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम गए थे।

​विराट कोहली ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इन दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत, झूठा और आधारहीन बताया।

​कोहली की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए किसी व्यावसायिक समझौते के तहत नहीं, बल्कि अपनी निजी आध्यात्मिक आस्था, गहरी श्रद्धा और सम्मान की वजह से जाते हैं। बयान में कहा गया कि इस प्रकार के निराधार दावों में कोई सच्चाई नहीं है। इसके साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील की गई है कि वे किसी भी खबर को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच-परख कर लें।

​क्या था फलाहारी महाराज का दावा?

​हाल ही में श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज (दिनेश शर्मा) ने एक विवादित दावा किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि संत प्रेमानंद जी महाराज की लोकप्रियता और पब्लिसिटी बढ़ाने के उद्देश्य से आश्रम के ही एक गुट ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को 5 करोड़ रुपये का भुगतान कर केलीकुंज आश्रम बुलाया था।

​लगातार आश्रम आते रहते हैं विराट-अनुष्का

​गौरतलब है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले कुछ समय से अक्सर वृंदावन स्थित केलीकुंज आश्रम जाकर संत प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन करते और उनका आशीर्वाद लेते नजर आए हैं। उनके इन दौरों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते रहे हैं। कोहली की टीम के इस ताजा स्पष्टीकरण के बाद अब इन अफवाहों पर विराम लग गया है।