नगर निगम मथुरा-वृंदावन में गांधी–शास्त्री जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई

महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता का प्रतीक: ओजस्वी राज

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर स्थित मुख्य कार्यालय सहित मथुरा, वृंदावन एवं औरंगाबाद कार्यालयों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, पुष्पांजलि एवं विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
भूतेश्वर स्थित मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त ओजस्वी राज द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके उपरांत उपस्थित पार्षदगणों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया तथा गांधी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता का प्रतीक है। उनके विचार केवल स्वतंत्रता तक सीमित नहीं थे बल्कि एक ऐसे आत्मनिर्भर और जागरूक भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं, जहां प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और अनुशासन ही सशक्त समाज की नींव हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि “जय जवान, जय किसान” का नारा देने वाले शास्त्री जी ने देश को आत्मनिर्भरता और कृषि क्षेत्र में नई दिशा दी। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है।
अपर नगर आयुक्त प्रियंका सिंह ने भी गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम में पार्षदगण राजीव कुमार, कुलदीप पाठक एवं अभिजीत सिंह ने भी दोनों महान विभूतियों के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए।
वृंदावन, मथुरा एवं औरंगाबाद कार्यालयों में भी समान रूप से ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। वृंदावन कार्यालय में उपसभापति मुकेश सारस्वत सहित अधिकारियों ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया, जबकि औरंगाबाद कार्यालय में अपर नगर आयुक्त सुनीता सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
नगर निगम कार्यालय मथुरा में कर निर्धारण अधिकारी अरविंद द्वारा ध्वजारोहण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर पार्षदगण एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नगर निगम ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नागरिकों से गांधी जी के स्वच्छता संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।