ऋषिकेश । जगद्गुरुउत्तम सेवा समिति, टल्ला बनास (किम्सर रोड), यमकेश्वर तहसील, पौड़ी गढ़वाल में 23 सितं. से 27 सितं. तक 5 दिवसीय स्वास्थ्य उपचार एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर समिति का 83वां स्वास्थ्य शिविर है, जिसमें देशभर से पंजीकृत प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया है।
शिविर का शुभारंभ 23 सितंबर (बुधवार) को शाम 4 बजे रिपोर्टिंग के साथ होगा, जबकि इसका समापन 27 सितंबर (रविवार) को दोपहर 1:30 बजे किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के लिए योग, स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं उपचार से संबंधित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने प्रतिभागियों को निर्देश दिया है कि वे शिविर के नियमों एवं अनुशासन का पूर्ण पालन करें ताकि अधिकतम लाभ प्राप्त किया जा सके।
प्रतिभागियों को अपने साथ पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, हाल की मेडिकल रिपोर्ट (यदि उपलब्ध हो), नियमित दवाइयाँ (यदि कोई चल रही हों), दो तौलिया (एक बड़ा व एक छोटा), योग के लिए हल्के एवं आरामदायक वस्त्र तथा टॉर्च लाने के लिए कहा गया है। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि शिविर में किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ लाना पूर्णतः वर्जित है। प्रतिभागियों के सामान की जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें शिविर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा तंबाकू, शराब एवं सिगरेट का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। 12 वर्ष से कम आयु के बच्चे तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शिविर में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के स्वस्थ, रोगमुक्त एवं सुखद जीवन की कामना की है।