कोसी में सर्राफा की दुकान में करोड़ों की चोरी, अलमारी से सोने के आभूषण व 15 लाख रुपये ले गए
छत का गेट तोड़कर घुसे बदमाश, पुलिस पिकेट से महज 100 मीटर दूर वारदात से व्यापारियों में आक्रोश, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य, खुलासे के लिए चार टीमें गठित
मथुरा। कोसीकलां के सर्राफा बाजार में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने अमित ज्वेलर्स की दुकान में धावा बोल दिया। 13-14 सितंबर की रात छत का गेट तोड़कर दुकान में घुसे बदमाश तिजोरी और अलमारी में रखे करोड़ों रुपये कीमत के सोने के आभूषण तथा 15 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। वारदात के बाद चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह चोरी की जानकारी होते ही सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारियों में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोश है।
दुकान स्वामी रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की छत का गेट टूटा हुआ था और तिजोरी व अलमारी खुली पड़ी थीं। दुकान का सामान अस्त-व्यस्त था। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी का जल्द खुलासा करने की मांग की।
व्यापारियों के अनुसार घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात थी। इसके बावजूद बदमाश छत का गेट तोड़कर दुकान में दाखिल हुए और तिजोरी व अलमारी खंगालकर लाखों रुपये नकद तथा करोड़ों के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरों ने दुकान की सीसीटीवी व्यवस्था को भी निष्क्रिय करने के उद्देश्य से डीवीआर अपने कब्जे में ले ली। पुलिस पिकेट के इतनी नजदीक होने के बावजूद वारदात का पता न चलना व्यापारियों के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत सीओ भूषण वर्मा और इंस्पेक्टर कमलेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने दुकान का बारीकी से निरीक्षण कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने दुकान की छत टूटे गेट तिजोरी और आसपास के स्थानों की जांच की।
पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और बाजार के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके माध्यम से बदमाशों के बाजार में पहुंचने और वारदात के बाद फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस टीमें बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।