मथुरा वृंदावन नगर निगम के पूर्व नगर आयुक्त बने जालौन के डीएम, पांच IAS 6 पीसीएस अधिकारियों के तबादले

लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार रात दो जिलाधिकारियों सहित पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को बहराइच का नय डीएम बनाया गया है। विशेष सचिव आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स समीर को जालौन का जिलाधिकारी बनाया गया है। ज्ञात रहे कि समीर मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के साथ-साथ मथुरा में उप जिला अधिकारी पद पर बखूबी कार्य कर चुके हैं।

झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना को विशेष सचिव आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स के पद की नई जिम्मेदारी दी गई है। बाराबंकी में तैनात मुख्य विकास अधिकारी बी सूदन को नगर आयुक्त झांसी व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव पद पर तैनात पंकज वर्मा को मुख्य विकास अधिकारी बाराबंकी बनाया गया है।

वहीं, छह पीसीएस अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है। सुशील प्रताप सिंह को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय के पद से लखनऊ विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है।

एलडीए में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात अतुल कुमार को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राजेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी बदायूं को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) कानपुर नगर बनाया गया है। संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गोंडा को उपनिदेशक (प्रशासन) युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के पद पर भेजा गया है।

प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट झांसी को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गोंडा बनाया गया है। वहीं योगेश्वर सिंह, उपजिलाधिकारी कुशीनगर को नगर मजिस्ट्रेट झांसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।