मथुरा। गोवर्धन परिक्रमा कर बाइक से घर लौट रहे दो दोस्तों की सोमवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। थाना जैंत क्षेत्र में धौरेरा के समीप इंडियन पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना जैंत क्षेत्र के गांव धरौरा के पास सोमवार रात यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पिलर/डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान जमुनापार क्षेत्र के लोहवन निवासी 30 वर्षीय रवि गुप्ता और 28 वर्षीय गौरव गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और गोवर्धन में परिक्रमा करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि रवि गुप्ता अविवाहित था, जबकि गौरव गुप्ता शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। दोनों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद लोहवन क्षेत्र में भी शोक की लहर है।
सीओ सदर वरुण मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। आगे की जांच की जा रही है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.