मथुरा में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आवास में चोरी: बेखौफ चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर, नकदी और लाइसेंसी पिस्टल
मथुरा । धर्मनगरी मथुरा के अति-सुरक्षित माने जाने वाले जजेज कॉलोनी क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) के सरकारी आवास (J-09) को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और लाइसेंसी पिस्टल मय जिंदा कारतूस पार कर दिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की तहरीर पर थाना सदर बाजार में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना सदर बाजार में दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार पीड़िता श्रीमती प्रिया कुमारी ने बताया कि उनके पति मथुरा में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत हैं। गत 04 सितंबर को दोपहर करीब 2:00 बजे पूरा परिवार मकान पर ताला लगाकर अपने गृह जनपद रोहतक (हरियाणा) गया हुआ था। 06 सितंबर की सुबह करीब 11:15 बजे जब एक डिलीवरी बॉय सामान देने पहुंचा, तो उसने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। उसने तुरंत इसकी सूचना जज की पत्नी श्रीमती प्रिया कुमारी को दी। शक होने पर जब उनसे वीडियो कॉल के जरिए घर के अंदर देखने को कहा गया, तो मुख्य द्वार के साथ-साथ बेडरूम का भी ताला और कुंडी टूटी पाई गई। घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
चोरों ने अलमारी व तिजोरी का ताला तोड़कर
गोल्ड एवं सिल्वर ज्वेलरी: 8 जोड़ी सोने के कुंडल, 2 सोने की अंगूठियां, 1 सोने की चेन (पेंडेंट सहित), 1 रुद्राक्ष वाली सोने की चेन, 2 सोने की नथिया, 100 ग्राम चांदी का बिस्किट और 2 चांदी के सिक्के।
नकदी: ₹25,000 नकद चोरी कर लिए।
सबसे गंभीर बात यह है कि चोरों ने एसीजेएम साहब की लाइसेंसी पिस्तौल और उसके साथ रखे जिंदा कारतूस भी चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।