सत्य निकेतन हादसे में भवन मालिक गिरफ्तार , अब तक 7 की मौत

नई दिल्ली । दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी इमारत ढहने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इमारत के मालिक हरि ओम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। विशेष पुलिस आयुक्त नीरज ठाकुर ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हादसे के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।

पुलिस के मुताबिक सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच मंजिला पीजी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। इमारत में बड़ी संख्या में छात्र रह रहे थे। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। राहत और बचाव अभियान चलाकर लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। सोमवार तक हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इमारत में पिछले कुछ समय से मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था। खासकर बेसमेंट में निर्माण किए जाने की बात सामने आई है। भारी बारिश के कारण बेसमेंट में पानी भरने और लगातार निर्माण कार्य से इमारत का ढांचा कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रारंभिक तौर पर बेसमेंट में पानी भरने से इमारत के ढांचे पर असर पड़ने की बात कही थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बेसमेंट और इमारत के अन्य हिस्सों में किए गए निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने मालिक हरि ओम बंसल समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी की तलाश में दिल्ली के साथ हरियाणा और राजस्थान में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया।

सत्य निकेतन दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के नजदीक होने के कारण छात्रों के लिए प्रमुख आवासीय इलाका है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पीजी और निजी हॉस्टल संचालित होते हैं। छात्र आबादी बढ़ने के साथ कई छोटी आवासीय संपत्तियों में अतिरिक्त निर्माण कर उनका स्वरूप बदल दिया गया है। इमारत हादसे के बाद अब क्षेत्र में संचालित पीजी और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एमसीडी ने चार मंजिल से अधिक की अवैध निर्माण वाली इमारतों को सील करने के निर्देश दिए हैं।