ब्रजभूमि को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने में आधुनिक आतिथ्य सुविधाएं अहम: योगी आदित्यनाथ
होटल ताज विवांता में पहुंचे मुख्यमंत्री, 'ब्रजवासी' परिवार ने बांके बिहारी जी का चित्र भेंटकर किया भव्य स्वागत
वृंदावन । दो दिवसीय मथुरा-वृंदावन दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन स्थित होटल ताज विवांता में आयोजित एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस गरिमामय अवसर पर होटल के स्वामी एवं मथुरा-वृंदावन के प्रमुख उद्यमी राजीव अग्रवाल ‘ब्रजवासी’, सतीश अग्रवाल ‘ब्रजवासी’ एवं पुलकित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय अभिनंदन किया। इसके पश्चात बृजवासी मिठाई वाला परिवार की ओर से मुख्यमंत्री को वृंदावन के आराध्य ठाकुर श्री बांके बिहारी जी का भव्य छायाचित्र स्मृति स्वरूप सप्रेम भेंट किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने अत्यंत आत्मीय संवाद किया।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होटल ताज विवांता की स्थापना को मथुरा-वृंदावन के विकास के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रतिष्ठित संस्थान के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग 500 लोगों को सीधा रोजगार प्राप्त हुआ है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और युवा शक्ति को अवसर प्रदान करने की दृष्टि से अत्यंत सराहनीय कदम है।
मुख्यमंत्री ने होटल की स्थापना की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं पूर्व में वृंदावन में इस स्तर के विश्वस्तरीय एवं प्रतिष्ठित होटल को स्थापित किए जाने के लिए प्रोत्साहन और बल दिया था। इसका मुख्य उद्देश्य देश और दुनिया के कोने-कोने से ब्रजभूमि आने वाले लाखों श्रद्धालुओं एवं विदेशी पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की आतिथ्य और ठहराव सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उनका ब्रज प्रवास सुगम और स्मरणीय बन सके।
मुख्यमंत्री ने राजीव अग्रवाल ‘ब्रजवासी’, सतीश अग्रवाल ‘ब्रजवासी’ और पुलकित अग्रवाल सहित समस्त अग्रवाल परिवार के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र में पर्यटन, आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) और रोजगार सृजन के क्षेत्र में अग्रवाल परिवार का योगदान अनुकरणीय है।
वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा ब्रज
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि वर्तमान में मथुरा-वृंदावन में धार्मिक पर्यटन का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऐसे समय में ताज विवांता जैसे अत्याधुनिक होटल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ब्रजभूमि को एक वैश्विक धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं।