मथुरा को मुख्यमंत्री योगी ने दी ₹1,051 करोड़ लागत की 229 परियोजनाओं की सौगात , कहा – ब्रज की विरासत को मिलेगा पूरा सम्मान

वृंदावन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वृंदावन में स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करने के साथ 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 167 नई परियोजनाएं शामिल हैं। समारोह में ब्रज की कला संस्कृति और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत की प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन किया। गुजरात के गरबा और ब्रज के प्रसिद्ध मयूर नृत्य की प्रस्तुतियों ने भी समारोह में रंग भर दिया। लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री ने भगवान कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने ब्रज के प्रमुख संत फूलडोल बिहारी दास महाराज महंत सुतीक्ष्ण दास महंत सनतकुमार शरण महाराज स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र देकर सम्मानित किया गया।

2017 से पहले विरासत को इसी सम्मान से आगे बढ़ाना संभव था क्या : योगी

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की विरासत को नष्ट करने का काम किया। अंग्रेजों ने तो इसे और आगे बढ़ाया। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि वर्ष 2017 से पहले क्या मथुरा की विरासत और धार्मिक पहचान को इसी सम्मान के साथ आगे बढ़ाना संभव था। मुख्यमंत्री के इस बयान को पिछली सरकारों की कार्यशैली पर राजनीतिक प्रहार के रूप में देखा जा रहा है।

ब्रज से गोरखपुर तक हो रहा सतत विकास : श्रीकांत शर्मा

पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ब्रज से लेकर गोरखपुर तक सतत विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि योगी बाबा आए हैं और एक हजार 51 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले ब्रज की स्थिति जर्जर थी लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने बताया कि मथुरा के यमुना में गिरने वाले 36 नालों में से 32 को बंद किया जा चुका है। शेष चार नालों को भी अक्टूबर तक पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।

ब्रज की कला और संस्कृति का जीवंत केंद्र बनेगा प्रेक्षागृह : हेमा मालिनी

सांसद हेमा मालिनी ने राधे-राधे के संबोधन के साथ स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह को ब्रज की कला संगीत नृत्य और साहित्य का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रेक्षागृह स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करेगा। आने वाले समय में देश और दुनिया के कलाकार यहां अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह केंद्र ब्रज की महान परंपरा और भाषा को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

आराधना जौहरी की पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1980 बैच की पूर्व आईएएस अधिकारी आराधना जौहरी द्वारा ब्रज की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित पुस्तक का औपचारिक विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आराधना जौहरी आगरा की जिलाधिकारी और कमिश्नर सहित केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद श्रीकृष्ण भक्ति में लीन होकर उन्होंने ब्रज की महान लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को पुस्तक के माध्यम से संजोने का सराहनीय कार्य किया है।

समारोह में प्रभारी मंत्री संदीप सिंह विधायक पूरन प्रकाश राजेश चौधरी ठाकुर मेघश्याम संत विजय कौशल महाराज ओमप्रकाश सिंह योगेश नौहवार और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।