मथुरा में जुलूसे मुहम्मदी को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की मांग

मथुरा। जश्ने ईद मीलादुन्नबी इंतजामियां कमेटी की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जश्ने ईद मीलादुन्नबी के अवसर पर जुलूसे मुहम्मदी के आयोजन का प्रस्ताव रखा गया है। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कमेटी ने प्रशासन से शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।

कमेटी ने मांग की है कि जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही नगर निगम एवं संबंधित विभागों द्वारा आवारा पशुओं की रोकथाम, सफाई व्यवस्था तथा प्रतिबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

कमेटी ने यह भी अनुरोध किया है कि जुलूस के प्रारंभ एवं समापन स्थल सहित संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस व्यवस्था की जाए तथा मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर बिजली के तारों, खुले मैनहोल, निर्माण सामग्री एवं अन्य संभावित जोखिमों को समय रहते दुरुस्त किया जाए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 26 अगस्त को दोपहर 1 बजे जुलूस मरकज़ अहले सुन्नत मस्जिद जेबा से दावते इस्लामी इंडिया की जानिब से निकाला जाएगा। जुलूस मस्जिद जेबा, कल्लू-मल्लू कारखाना, भरतपुर गेट, घीया मंडी, चौक बाजार, मंडी रामदास, डीग गेट होते हुए दरगसी रोड से पुनः कल्लू-मल्लू कारखाना पर समाप्त होगा।

कमेटी ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति, यातायात, सुरक्षा, सफाई एवं विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आम नागरिकों एवं जुलूस में शामिल होने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्ग एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।

इस अवसर पर अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान, हाफिज जियाउर्रहमान, मुफ्ती आसिफ रजा, हाफिज फहीम, आशकीन रजा, बुरहान, जियान, शफीक, कासिम अत्तारी, राशिद, मौलाना माजिद, हाफिज ताहिर, हाफिज इशहाक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।