भारत छोड़ो’ की तर्ज पर मथुरा-वृंदावन में ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आगाज , 50 सफाई मित्र सम्मानित
नगर निगम के सभी वार्डों से 10-10 सफाई मित्रों को मिला सम्मान
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने डैंपियर नगर में बांटे साफी, मास्क, ग्लव्स और लड्डू
मथुरा । ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की वर्षगांठ पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और संघर्ष को नमन करते हुए नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ की शुरुआत की है। स्वच्छ और सुंदर मथुरा-वृन्दावन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी वार्डों में विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां शहर को साफ रखने वाले सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रत्येक वार्ड से 10-10 सफाई कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में वार्ड संख्या 49 डैंपियर नगर स्थित भगत सिंह पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वार्ड 49 और वार्ड 35 के 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया। सफाई कर्मचारियों को साफी, पटका, ग्लव्स, मास्क और लड्डू भेंट कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जिस तरह स्वतंत्रता संग्राम में देशवासियों ने एकजुट होकर ‘भारत छोड़ो’ का संकल्प लिया था, उसी भावना के साथ आज शहर से गंदगी मिटाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने शहरवासियों से सूखा और गीला कचरा अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर ही फेंकने और इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। नगर आयुक्त ने आगे कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे अहम कड़ी सफाई मित्र हैं, जो रोजाना कठिन परिस्थितियों में भी निष्ठा से काम करते हैं। उनके परिश्रम का सम्मान करना समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश देता है। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, वार्ड 49 के पार्षद मनोज कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।