मथुरा । भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा आगामी दिनों में जनपद मथुरा में भारी वर्षा, तेज आंधी, वज्रपात और जलभराव की संभावना जताई गई है। संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही सुरक्षित मार्गों का प्रयोग करें।
यमुना नदी के तटों, नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से पूरी तरह बचने की हिदायत दी गई है। किसी भी दशा में जलमग्न सड़क, पुल अथवा तेज बहाव वाले मार्ग को पार करने का प्रयास न करें। आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे वृक्षों, विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मरों और जर्जर अथवा अस्थायी भवनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और निकटतम पक्के भवन में आश्रय लें। कहीं भी बिजली के तार टूटे दिखाई देने पर तत्काल विद्युत विभाग को सूचित करें।
किसानों को अपने कृषि उपकरण, फसल और पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। अभिभावक बच्चों को बारिश के दौरान जलभराव या नदी-नालों के आसपास न जाने दें तथा बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही विश्वास करने का आग्रह किया गया है।
किसी भी प्रकार की आपदा, बाढ़, जलभराव, वज्रपात या आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष/बाढ़ कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबरों 0565-2974934, 0565-2972962, 0565-2972964 एवं 0565-2972963 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है। इसके अतिरिक्त आपदा विशेषज्ञ एवं ईओसी प्रभारी पूजा राणा से मोबाइल नंबर 9696637399 पर संपर्क किया जा सकता है। समय पर प्राप्त सूचना से राहत और बचाव दलों को शीघ्रता से मौके पर भेजकर प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।