आगरा विश्वविद्यालय के 92वें दीक्षांत समारोह में बी.एस.ए. कॉलेज मथुरा का दबदबा , 4 छात्राओं को मिलेंगे 6 स्वर्ण पदक

मथुरा । डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के 92वें दीक्षांत समारोह में बी.एस.ए. (पीजी) कॉलेज, मथुरा की छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक सफलता से एक बार फिर जनपद का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के ‘शिवाजी मण्डपम्’ सभागार में महामहिम राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस समारोह में कॉलेज की मेधावी छात्राओं को कुल छः स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। कानून की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एल.एल.बी. की छात्रा मोहिनी शर्मा ने अकेले तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। उन्हें एलएल.बी. तृतीय वर्ष की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर ‘रामेश्वर प्रसाद बागला स्वर्ण पदक’, मुख्य परीक्षा में सर्वोच्च स्थान के लिए ‘पं. मोतीलाल नेहरू स्वर्ण पदक’ तथा एलएल.बी. 2026 की समेकित परीक्षा में टॉप करने पर ‘मो. सैफुल्ला खान स्मृति स्वर्ण पदक’ से सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षा संकाय में एम.एड. सत्र 2023-25 की छात्रा गीता ने 1600 में से 1366 अंक प्राप्त कर पूरे विश्वविद्यालय में पहला स्थान हासिल किया है, जिसके लिए उन्हें ‘विशेष एम.एड. स्वर्ण पदक’ दिया जाएगा। वहीं, एम.एड. सत्र 2024-26 प्रथम वर्ष की परीक्षा में अपर्णा गौतम ने 800 में से 697 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए उन्हें ‘आगरा विश्वविद्यालय एम.एड. स्वर्ण पदक’ प्रदान किया जाएगा।

कंप्यूटर एप्लीकेशन संकाय में बी.सी.ए. 2026 पाठ्यक्रम की छात्रा गरिमा अग्रवाल ने विश्वविद्यालय की आवासीय इकाई व सम्बद्ध सभी कॉलेजों में सर्वाधिक 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया है। गरिमा को इस उपलब्धि के लिए दीक्षांत समारोह में ‘श्रीमती सुमन गुप्ता स्वर्ण पदक’ से अलंकृत किया जाएगा। छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) ललित मोहन शर्मा एवं प्रो. एस. के. राय सहित डॉ. मधु त्यागी, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. रवीश शर्मा, डॉ. बी. के. गोस्वामी, डॉ. वी.पी. राय, डॉ. चंचल शर्मा, डॉ. संजय सिंह चौहान, नीरेन्द्र कुमार, तरूण पाठक, दीपक यादव, जी. के. यादव और अनुज कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए पदक विजेताओं को बधाई दी। प्राचार्य ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से इन मेधावियों की सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।