आधुनिक शिक्षा के साथ ‘गीता’ के सिद्धांतों को अपनाएं युवा, तभी होगा देश और समाज का कल्याण: पुंडरीक महाराज
लायंस क्लब मथुरा प्रीमियर के तत्वावधान में पांचजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ "युवाओं का भविष्य निर्माण और सनातन से जुड़ाव" कार्यक्रम
मथुरा । लायंस क्लब मथुरा प्रीमियर की ओर से शनिवार शाम डैम्पियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में “युवाओं का भविष्य निर्माण और सनातन से जुड़ाव” विषय पर एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पधारे देश के प्रसिद्ध कथा वाचक व मोटिवेशनल स्पीकर पुंडरीक गोस्वामी महाराज ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का मंत्र दिया ।

समारोह को संबोधित करते हुए महाराज पुण्डरीक ने कहा कि आज के आधुनिक परिवेश में केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि युवाओं का अपनी सनातन संस्कृति और जड़ों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा:
”मैंने संपूर्ण शिक्षा इसी उद्देश्य से ग्रहण की है ताकि आज के परिवेश में खड़ा कोई भी व्यक्ति सामने आए, तो मैं उसकी भाषा में ही श्रीमद्भगवद्गीता के सूत्रों के माध्यम से उसे जीवन जीने की सही प्रेरणा दे सकूं।”
उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ यदि युवा गीता के जीवन-मूल्यों को आत्मसात कर लें, तो न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल होगा बल्कि समाज और संपूर्ण राष्ट्र का भी कल्याण होगा।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें जयपुरिया स्कूल, कान्हा माखन पब्लिक स्कूल, एलिट स्कूल और माउंटेन एकेडमी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने सनातन धर्म, संस्कार और आधुनिक जीवनशैली के संतुलन को लेकर कई तीखे व व्यावहारिक सवाल पूछे। पूज्य महाराज ने सभी प्रश्नों के सहज, व्यावहारिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से उत्तर देकर विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया और धर्म के मूल सिद्धांतों को दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी।
स्मृति चिन्ह देकर पूज्य महाराज का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ शहर के अनेक गणमान्य उद्यमी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संस्था के फाउंडर चौधरी मोहित अग्रवाल एवं सचिन अग्रवाल, अध्यक्ष देवाशीष अग्रवाल, सचिव लव गुप्ता, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, एमसीपी शुभांशु अग्रवाल सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।