पाकिस्तान के क्वेटा में ट्रेन के पास आत्मघाती विस्फोट: मलबे में तब्दील हुए डिब्बे, 30 लोगों ने गंवाई जान

क्वेटा । पाकिस्तान के क्वेटा शहर में जाफर एक्सप्रेस के पास हुए आत्मघाती धमाके के बाद भयावह मंजर देखने को मिला। विस्फोट में कई डिब्बे पटरी से उतर गए, आग लग गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 से अधिक घायल हुए हैं।धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास का इलाका दहल उठा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद ट्रेन के डिब्बों से चीख-पुकार सुनाई देने लगी। कई यात्री घायल अवस्था में मदद के लिए पुकारते रहे, जबकि कुछ लोग मलबे में फंसे रह गए। विस्फोट के बाद रेलवे ट्रैक के पास आग लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मियों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया और इलाके में राहत अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक हादसे में 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि 82 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके का असर इतना व्यापक था कि आसपास की इमारतों के शीशे तक टूट गए। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।