नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं देश के गृहमंत्री अमित शाह ने ओडिशा के पुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी संबित पात्रा के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जगन्नाथ महाप्रभु के बारे में विवादास्पद बयान को गलत माना है और कहा है कि डॉ. पात्रा इसके लिए प्रायश्चित करेंगे।
श्री शाह ने टेलीविजन समाचार चैनल पर प्रसारित होने वाले एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि देश का माहौल श्री मोदी के पक्ष में है और दक्षिण में भाजपा को अच्छी सफलता मिल रही है। भाजपा का दायरा बढ़ रहा है और इसके लिए पार्टी ने काफी ज्यादा मेहनत भी की है।
गृहमंत्री ने कहा कि मतदान में जो भी कमी आ रही है, उसका नुकसान विपक्ष को होगा, क्योंकि विपक्ष का मतदाता निराश है और निराशा के कारण विपक्ष का मतदाता वोट डालने नहीं जा रहा है।श्री शाह ने दक्षिण भारत में भाजपा की सफलता की संभावनाओं से जुड़े एक प्रश्न के जवाब में कहा कि दक्षिण में इस बार पार्टी को अच्छी खासी सफलता मिलने जा रही है और आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने ओडिशा के बारे में कहा कि बीजू जनता दल के साथ भाजपा का गठबंधन कभी नहीं रहा है, बल्कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भाजपा को मुद्दों पर आधारित समर्थन दिया है। लेकिन इस बार वहां भाजपा की सरकार बनती दिखाई दे रही है।
डॉ. पात्रा के एक विवादास्पद बयान के बारे में श्री शाह ने कहा, “संबित पात्रा का बयान जुबान फिसलने से हुआ है, इसलिए पात्रा इसके लिए प्रायश्चित्त करेंगे और प्रभु जगन्नाथ उन्हें इसके लिए क्षमा कर देंगे।” राज्य में चुनावी राजनीति की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ओडिशा में 17 से ज़्यादा सीटें जीतेगी। ओडिशा में भाजपा की सरकार ज़रूर बनेगी।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा,“ पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ही 70 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन वह गरीबी हटा नहीं पाई। अब इंदिरा जी का पोता ही आज खटाखट गरीबी हटाने वाला वादा कर रहा है।कांग्रेस की खटाखट की व्याख्या 10 साल लंबी है।”
भाजपा की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए गृह मंत्री ने कहा,“ भाजपा की स्थिति चुनाव में बहुत अच्छी है और हम 400 पार कर लेंगे। रुझानों के आधार पर चुनाव की व्याख्या नहीं होती।” उन्होंने सीटें कम होने की स्थिति में प्लान बी के सवाल पर कहा कि कोई प्लान बी नहीं है, ऐसे किसी प्लान बी का सवाल ही नहीं उठता है। भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल करने जा रही है।