राहुल गांधी ने वायनाड से दाखिल किया नामांकन

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राहुल गांधी ने आज वायनाड से नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले उन्होंने वायनाड में रोड शो भी किया, जिसमें बहन प्रियंका गांधी उनके साथ मौजूद थीं। रोड शो में वायनाड की जनता को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि आपका सदस्य होना मेरे लिए सम्मान की बात है।

उन्होंने कहा “आपका संसद सदस्य होना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं आपके साथ एक मतदाता की तरह व्यवहार नहीं करता, न ही उस तरह सोचता हूं। बल्कि मैं आपके साथ वैसा ही व्यवहार करता हूं, जैसे मैं अपनी छोटी बहन प्रियंका के बारे में सोचता हूं। इसलिए वायनाड के घरों में, मेरी बहनें, माताएं, पिता और भाई हैं और इसके लिए मैं आपको तहे दिल से धन्यवाद देता हूं।”

बता दें कि वायनाड से राहुल गांधी के खिलाफ सीपीआई ने महासचिव डी राजा की पत्नी एनी राजा को मैदान में उतारा है। उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। वहीं भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन को वायनाड से उम्मीदवार बनाया है।

बता दें कि पिछले चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड से 4 लाख से भी बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। हालांकि इस बार उन्हें कड़ी चुनौती मिल सकती है। इधर, राहुल अमेठी से चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर तस्वीर अब तक साफ नहीं हो पाई है। अमेठी सीट इंडी गठबंधन के तहत कांग्रेस के हिस्से में हैं, जहां से उसने अब तक उम्मीदवार का एलान नहीं किया है।