IPL 2024 : चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी में बड़ा बदलाव, धोनी की जगह इस खिलाड़ी को मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली । चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव किया है। महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। इसकी जानकारी आईपीएल ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। 22 मार्च से शुरु होने जा रहे आईपीएल के 17वें सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस को तगड़ा झटका लगा है। सीएसके अपना पहला मुकाबला आरसीबी के खिलाफ शुक्रवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी।
Presenting @ChennaiIPL's Captain – @Ruutu1331 🙌🙌#TATAIPL pic.twitter.com/vt77cWXyBI
— IndianPremierLeague (@IPL) March 21, 2024
सीएसके को पांच बार आईपीएल का खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी आगामी सीजन में टीम की अगुवाई करते नजर नहीं आएंगे। यह पहली बार नहीं है कि धोनी ने इस जिम्मेदारी से किनारा किया है। इससे पहले आईपीएल 2022 में भी टीम मैनेजमेंट ने कप्तानी में बदलाव किया था। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को धोनी की जगह कप्तान बनाया गया था। हालांकि, वह इस जिम्मेदारी का निर्वाहन ठीक ढंग से नहीं कर पाए थे और लीग मैचों में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा था, जिसकी वजह से उन्होंने टीम का साथ बीच सीजन में ही छोड़ दिया था और कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद धोनी ने एक बार फिर कप्तानी संभाली थी। पिछले सीजन में टीम ने अपना पांचवां खिताब जीता था।