बरसाना की लड्डू मार होली में हुआ हादसा, भगदड़ में करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल
बरसाना। रविवार को बरसाना की लड्डू मार होली के दौरान अचानक हुए हादसे में महिला पुरुष श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर प्रकाश में आई है। बताया जाता है ऊपर चबूतरे से लड्डू श्रद्धालुओं की ओर फेंके जा रहे थे तब अचानक हादसा घटित हुआ और करीब एक दर्जन श्रद्धालु दबकर घायल हो गए। जन्माष्टमी के बाद पढ़ने वाली राधा अष्टमी पर भी यहां हादसा घटित हो चुका है। घायलों के उपचार में प्रशासन की टीम जुट गयी है। बताया जाता है दबाव बढ़ने से मंदिर की रेलिंग टूट गई। एक के ऊपर एक कई श्रद्धालु गिर गए। विश्वविख्यात लठामार होली की पूर्व संध्या पर लाड़लीजी मंदिर में लड्डू होली मनाई गई। इसको देखने के लिए लाखों श्रद्धालु बरसाना पहुंचे। लड्डू होली को लड्डू प्रसाद के रूप में पांडे द्वारा कई टन लड्डू लुटाए गए। लड्डू प्रसाद को पाने के लिए श्रद्धालुओं ने जमकर इन्हें लूटा।

विश्व विख्यात बरसाना नंदगांव की लठामार होली को लेकर पुलिस प्रशासन मंदिर के सेवायतों ओर गोस्वामी समाज के प्रमुख लोगो के साथ मुलाकात कर लठामार होली मेले की व्यवस्थाओं को चाक चौबंद बनाने की तैयारी करता है जिसको लेकर होली से पूर्व समय समय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी होली स्थलों मंदिर परिसर का निरीक्षण कर अपने अधीनस्थों को व्यवस्थाएं दुरस्त रखने के निर्देश देता है लेकिन वो सभी व्यवस्थाएं समय पर फैल हो जाती है।
ऐसी ही घटना रविवार को लाडली जी मंदिर परिसर में दर्जनों श्रद्धालुओं के साथ व्यवस्थाएं समुचित न रहने के कारण हो गयी। लाडली जी मंदिर के पीछे के रास्ते मे लड्डू होली के आयोजन के दौरान दूर दराज से लड्डू होली खेलने आये दर्जनों श्रद्धालु भीड़ की चपेट में आ गए जिस कारण श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई ओर चीख पुकार होने लगी ।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए जिन्होंने स्थानीय लोगो की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था न रहने के कारण घायल उपचार के लिए तड़पते नजर आए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए। स्थानीय लोगो के मुताबिक घटना में दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हुए है।
लोगो का कहना है कि पुलिस प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग के लोग व्यवस्था को छोड़ लड्डू होली का आनंद लेते हुए दिखाई दिए जिसकी वजह से श्रद्धालुओं के साथ घटनाएं होती है। उल्लेखनीय रहे कि आज इस अवसर पर आगरा मंडल की कमिश्नर ऋतू माहेश्वरी के साथ जनपद के आला अधिकारी वहां मौजूद थे।