भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने होली से पहले सरकारी कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। प्रदेश सरकार ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। अब यह महंगाई भत्ता 46 प्रतिशत हो गया है। इस संदर्भ में राज्य सरकार के वित्त विभाग ने आदेश भी जारी किया है।
आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों का मौजूदा महंगाई भत्ता 42 प्रतिशत है, जिसमें 4 फीसद की बढ़ोतरी के बाद यह 46 फीसदी हो गया है। जारी किए गए आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि महंगाई भत्ते की दर जुलाई 2023 तक बढ़ी हुई मानी जाएगी और इसका लाभ कर्मचारियों को 1 मार्च 2024 से दिया जाएगा। हालांकि, केंद्रीय कर्मचारियों की तुलना में अभी भी राज्य के कर्मचारियों को चार प्रतिशत कम भत्ता मिलेगा।
वहीं, एक जुलाई 2023 से 29 फरवरी 2024 तक की एरियर राशि का तीन समान किस्तों में भुगतान किया जाएगा। इसका लाभ सात लाख कर्मचारियों को मिलेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ‘एक्स’ हैंडल पर इसकी सूचना पोस्ट कर शुक्रवार को कर्मचारियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, “मध्य प्रदेश सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के वर्तमान महंगाई भत्ते को 42 से 46 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। ये 7वें वेतमान के अंतर्गत 1 जुलाई 2023 से इसको लागू किया जाएगा। आज के इस कठिन समय के बावजूद हमने ये सुविधा देने का प्रयास किया है। उम्मीद करेंगे की आने वाले समय में इसमें और वृद्धि करें। मेरी ओर से सभी अधिकारी और कर्मचारी को इस वेतनमान के लिए बधाई।”
शासकीय सेवकों को देय महंगाई भत्ते की दर में 4% वृद्धि का निर्णय लिया गया है।
इस वृद्धि के उपरांत महंगाई भत्ते की दर 1 जुलाई, 2023 से कुल 46% हो जाएगी। इसका लाभ 1 मार्च, 2024 (भुगतान अप्रैल, 2024) से मिलेगा।
प्रदेश के समस्त शासकीय सेवकों को बधाई: CM@DrMohanYadav51#DrMohanYadav… https://t.co/H0P7mHlehg
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) March 15, 2024