Priyanka Gandhi: राहुल गांधी रायबरेली से बने रहेंगे सांसद, वायनाड सीट पर प्रियंका गांधी लड़ेंगी उपचुनाव
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली और केरल में से एक सीट चुन ली है। राहुल यूपी की रायबरेली सीट से लोकसभा सांसद बने रहेंगे जबकि वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे। उनकी बहन और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी । राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 में वायनाड और रायबरेली सीट से जीत दर्ज की । नियमानुसार, रिजल्ट घोषित होने के 14 दिन के भीतर एक सीट छोड़नी होती है ।
कांग्रेस नेताओं की सोमवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर बैठक हुई। इसमें कांग्रेस संसदीय समिति की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल मौजूद थे । इस मीटिंग में तय हुआ कि राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बने रहेंगे और प्रियंका गांधी वायनाड से इलेक्शन डेब्यू करेंगी. इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया ।
इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी अपनी बात रखी. राहुल गांधी ने कहा, वायनाड और रायबरेली से मेरा भावनात्मक रिश्ता है । मैं पिछले 5 साल से वायनाड से सांसद था. मैं लोगों को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।
इस दौरान राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी के एक पुराने स्लोगन ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का प्रयोग करते हुए कहा कि वह वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी । राहुल गांधी ने कहा, मैं समय-समय पर वायनाड का दौरा भी करूंगा । मेरा रायबरेली से पुराना रिश्ता है, मुझे खुशी है कि मुझे फिर से उनका प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा, लेकिन यह एक कठिन निर्णय था ।