प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार द्वारा मंगलवार को प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता एवं उत्तर मध्य रेलवे के विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में संरक्षा के प्रति किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए झांसी, आगरा एवं प्रयागराज मण्डलों से चयनित पांच रेल कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कृत कर्मचारियों में रामराज प्वाइंटसमैन/झिंगुरा/प्रयागराज मण्डल अशोक कुमार यादव तकनीशियन फतेहपुर कप्तान सिंह ट्रैकमैन आगरा मण्डल नरेन्द्र कुमार यादव मुख्य लोको निरीक्षक आगरा कैण्ट एवं बृजेश सिंह गेटमैन/सिथौली झांसी मण्डल शामिल थे।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ शिवम शर्मा के अनुसार बृजेश सिंह को नवम्बर माह के लिए ” एम्प्लोई ऑफ द मंथ” का पुरस्कार प्रदान किया गया। बृजेश सिंह ने बीते माह 5 नव. को सन्दलपुर-सिथौली सेक्शन में गेट नं. 412 पर 08-20 की पाली में ड्यूटी के समय 10.20 बजे एक मालगाड़ी डाउन रोड में गुजरने पर देखा कि किमी 1212/28-26 खम्भे के पास गाड़ी या इंजन का कैटल गार्ड गिरा पड़ा है। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर सिथौली व उच्च अधिकारी को दी। कैटल गार्ड को अविलम्ब ट्रैक से हटाया गया जिससे एक गम्भीर रेल दुर्घटना को रोका जा सका। इसी क्रम में महाप्रबंधक ने बृजेश सिंह की धर्म पत्नी को इस संबंध में पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया है।