एडीजी आगरा जोन ने किया वृंदावन में सघन निरीक्षण, बिहारी जी के आसानी से दर्शन के लिए बनाई योजना

मथुरा। आगरा जोन की नई अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वृंदावन में बिहारी जी के दर्शन के पश्चात बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ अलग-अलग क्षेत्र में निरीक्षण कर टीसीएफसी केंद्र पर मीटिंग ली। निरीक्षण के दौरान एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने उनको स्थानीय पुलिस द्वारा प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। एडीजी के साथ आगरा मंडल के पुलिस महा निरीक्षक दीपक कुमार मौजूद रहे।

नवागत एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ पद भार संभालने के बाद पहली बार मथुरा के दौरे पाई हैं हालांकि वह करीब तीन माह पूर्व भी वृंदावन की ट्रैफिक व्यवस्था देखने के लिए लखनऊ से आई थी उस समय उन पर प्रदेश के एडीजी ट्रैफिक का चार्ज था। एसएसपी ने उनको कंट्रोल रूम दिखाया वहीं बिहारी जी मंदिर के आसपास के मानचित्र से भी अवगत कराया। अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि एसपी शैलेश पांडे कर्मठ अधिकारी है । इस बार जो हरियाली तीज के दौरान दर्शन की व्यवस्था की उससे काफी हद तक दर्शनार्थियों को सुगमता का एहसास हुआ। अब हम ऐसी प्लानिंग बना रहे हैं की वृंदावन में भीड़ पर नियंत्रण किया जा सके और स्थानीय लोगों को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने लाइन लगवा कर दर्शन की व्यवस्था पर जोर दिया।

गुरूवार को पूर्वान्ह में वृन्दावन पहुंची एडीजी आगरा जोन पुलिस अधिकारियों के दल के साथ नगर में पैदल भ्रमण करते हुए बांकेबिहारी मंदिर से जुडी संकरी गलियों में उन्होंने बारीकी से क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वृन्दावन में शांति/कानून व्यवस्था का भी अवलोकन किया। नगर की यातायात व्यवस्था देखने वह प्रमुख क्षेत्रों में भी पहुंची जहां अचानक जाम की स्थिति बन जाती है। नगर भ्रमण के दौरान श्रीमती कुलश्रेष्ठ ने स्थानीय लोगों व गोसांईयों से बात-चीत भी की। इसके बाद वह टीएफसी में आयोजित बैठक में अधिकारियों से विचार-विमर्श किया यहां पहुंचे कुछ व्यापारियों व गोसांईयों से भी यातायात संबंधित बात-चीत की। एडीजी आगरा जोन ने पत्रकारों से बात-चीत करते हुए कहा कि वृन्दावन की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी को पुलिस विभाग का सहयोग करना होगा तभी इस समस्या से छुटकारा मिल सकेगा। जाते-जाते उन्होंने यह भी कहा कि 10 दिन बाद वृन्दावन आकर पुनः यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करेंगी ताकि आगामी दिनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बेहतर ढंग से मनाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे। एडीजीपी के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर मार्तण्ड प्रकाश सिंह, एएसपी पुष्कर वर्मा, क्षेत्राधिकारी सदर आदि पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।