मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बिजली, सड़क, जल निकासी, औद्योगिक भूखंड, बैंकिंग सुविधाएं तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से मंथन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों के विकास से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ उद्योग हित में कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद में नए उद्योगों की स्थापना और पुराने उद्योगों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विद्युत, प्रदूषण नियंत्रण, नगर निगम, लोक निर्माण और बैंकिंग विभाग से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं प्रदूषण विभाग को नियमित जांच एवं जागरूकता अभियान चलाने तथा अग्निशमन विभाग को उद्यमियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित करने को कहा। बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन जिलाधिकारी ने दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति नंद प्रकाश मौर्य, परियोजना अधिकारी नेडा एस.के. वर्मा सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।