मथुरा । जनपद के अलग-अलग तहसील क्षेत्र में हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी हानि पहुंची है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण सैकड़ो हेक्टयर खेतों में लहलहाती फसल जमीन पर बिछ गई है। फसल का सत्यानाश देखकर किसानों के दिल बैठ गए हैं। मांट क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी ने मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्र लिखकर किसानों को शत प्रतिशत मुआवजा देने की मांग की है वहीं जिला अधिकारी सी पी सिंह ने सभी उप जिलाधिकारी को आदेश दिया कि वह तत्काल सर्वे कर उनका रिपोर्ट उपलब्ध कराए।
बताया जाता है ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा क्षति मांट तहसील के किसानों को हुई है। विधायक राजेश चौधरी शनिवार प्रात ही खेतों में निरीक्षण करने पहुंच गए, खेतों के हालात देखकर उनका माथा ठनक गया।