बिजनौर। पिछले साल पुलिस हिरासत से फरार हुए प्रदेश स्तरीय माफिया आदित्य राणा को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है। उस पर ढाई लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से की गई गोलीबारी में पांच पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। राणा के खिलाफ संगीन धाराओं में 43 मुकदमे दर्ज थे जिनमें छह मामले हत्या और 13 मुकदमे लूट के थे। राणा गिरोह के 48 सदस्यों की पहचान की गई है जिनमें छह गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने बुधवार को बताया 11-12 अप्रैल की रात बिजनौर पुलिस की आदित्य राणा गिरोह के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें राणा को घायल अवस्था में पुलिस ने हिरासत में लिया और उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात को स्योहारा थाना पुलिस ने बुढनपुर में आदित्य राणा के ठिकाने की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का सरगना राणा गोली लगने से घायल हो गया जबकि बाकी बदमाश जंगल की ओर भाग गये। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार राणा 2022 में अदालत में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त 2022 को जब लखनऊ पुलिस उसे बिजनौर अदालत में पेश कर वापस ले जा रही थी तभी शाहजहांपुर के थाना रामकिशन मिशन क्षेत्र में एक ढाबे से राणा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने राणा को प्रदेश स्तरीय माफिया घोषित करते हुए इस पर ढाई लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया था।
राणा बिजनौर के साथ-साथ लखनऊ, शाहजहांपुर, अमरोहा और संभल में भी वांछित अपराधी था।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.