थिएटर के बाद ओटीटी पर दस्तक देगी शाहरुख खान की ब्‍लॉकबस्‍टर फिल्‍म पठान , जानिए कब और कहां

थ‍िएटर्स में रिलीज के एक महीने बाद भी धमाल मचा रही शाहरुख खान की यह फिल्‍म अब ओटीटी पर रिलीज होने वाली है। शाहरुख खान ने ‘पठान’ के साथ बड़े पर्दे पर जबरदस्‍त वापसी की है। ‘जीरो’ की रिलीज के चार साल किंग खान का यह कमबैक बॉक्‍स ऑफिस पर कमाई का तूफान लेकर आया है। फिल्‍म ने 38 दिनों में सिर्फ देश में हिंदी वर्जन से 506 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन किया है, जबकि वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्‍शन 1027 करोड़ तक पहुंच चुका है। सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्‍शन में बनी ‘पठान’ ने सारे पुरोन रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब फिल्‍म की रिलीज को एक महीने से अध‍िक वक्‍त बीत चुका है और हर किसी को इंतजार है कि यह फिल्‍म सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर कब रिलीज होगी। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी इस ओर कोई आध‍िकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन ओटीटी की दुनिया में फिल्‍म की रिलीज को लेकर नई जानकारी सामने आ गई है।

यशराज फिल्‍म्‍स के बैनर तले बनी स्पाई-एक्शन फिल्‍म ‘पठान’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी हैं। जबकि फिल्‍म में सलमान खान का धमाकेदार कैमियो है। सिनेमाघरों में ‘पठान’ की रिलीज शाहरुख खान के फैंस के लिए किसी त्‍योहर की तरह रहा। 25 जनवरी को यह फिल्‍म थ‍िएटर में रिलीज हुई थी।

‘पठान’ अभी भी सिनेमाघरों में कमाई कर रही है। ऐसे में मेकर्स जाहिर तौर पर पहले बॉक्‍स ऑफिस पर अध‍िक से अध‍िक कमाई करने की कोश‍िश करेंगे। हालांकि, यह तय है कि ये फिल्‍म अमेजन प्राइम वीडियो (Amazon Prime Video) पर रिलीज होगी। बताया जाता है कि ओटीटी प्‍लेटफॉर्म से मेकर्स की 100 करोड़ रुपये की डील हुई है और यह फिल्‍म 25 अप्रैल को ओटीटी प्‍लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्‍ट्रीम की जाएगी।