एडिलेड । दक्षिण अफ्रीका की टीम नीदरलैंड के खिलाफ एक अहम मुकाबले में उलटफेर का शिकार हो गई है। नीदरलैंड ने ग्रुप 1 के अपने आखिरी मैच में दक्षिण अफ्रीका को 15 रन से हराकर ये मैच जीता। इस हार के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नीदरलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 158 रन बनाए, लेकिन अफ्रीकी टीम इस स्कोर को पार नहीं कर सकी। वह 20 ओवर में आठ विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
इस हार के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। वहीं भारतीय टीम को इसका फायदा पहुंचा है। टीम 6 अंक के साथ टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। हालांकि भारत को अभी अपना आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे से खेलना है, जोकि आज ही खेला जाएगा। भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली तीसरी टीम बन गई है। टी20 वर्ल्ड कप 2022 सुपर-12 के ग्रुप 2 से भारत ने अंतिम-4 में जगह बनाई है, जबकि दूसरे सेमीफाइनलिस्ट का फैसला बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच विनर से होगा। टी20 वर्ल्ड कप की पहली दो सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला ग्रुप-1 से हो चुका है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने अंतिम-4 में प्रवेश कर लिया है।