मोरबी । गुजरात के मोरबी में माचू बांध पर रविवार शाम को केबल पुल गिरने से बच्चों समेत कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बचाव और चिकित्सा आपातकालीन कर्मी मौके पर जुटे हुए हैं। पुल पिछले दो साल से बंद था ।
यह पुल करीब 100 साल पुराना बताया जा रहा है और कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद 5 दिन पहले ही इसे आम जनता के लिए फिर से खोला गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की है। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने, स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनकी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं गुजरात के मोरबी में पुल हादसे में प्रभावित लोगों के साथ हैं। उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई कि राहत और बचाव के प्रयासों से पीड़ितों को राहत मिलेगी। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ”गुजरात के मोरबी में हुई त्रासदी ने मुझे चिंतित कर दिया है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं प्रभावित लोगों के साथ हैं। राहत और बचाव प्रयासों से पीड़ितों को राहत मिलेगी।”
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज गिरने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं। पटेल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मुझसे मोरबी हादसे के बारे में बात कर स्थिति की जानकारी ली है। पीएम ने पूरी स्थिति और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी के संबंध में सिस्टम को आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के साथ आगे के कार्यक्रमों को छोटा करके जल्द गांधीनगर पहुंच रहा हूं। राज्य के गृर मंत्री को मौके पर पहुंचने और बचाव कार्यों का मार्गदर्शन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ समेत जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है। मैं मोरबी त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देगी।