Yamuna Expressway: यमुना एक्सप्रेस वे पर कम हुई स्पीड लिमिट, तेज रफ्तार में चले तो कट जाएगा चालान
नई दिल्ली । कोहरे के दौरान होने वाले हादसों को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस वे पर अब यमुना अथॉरिटी की ओर से स्पीड लिमिट को कम कर दिया गया है। अथॉरिटी की ओर से स्पीड लिमिट को कम करते हुए 60 और 75 किलोमीटर प्रति घंटा की लिमिट तय की गई है।
जानकारी के मुताबिक यमुना एक्सप्रेस वे पर हल्के वाहनों को अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा तक की स्पीड से चलने की अनुमति होगी। वहीं भारी वाहनों के लिए स्पीड लिमिट को कम करते हुए 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अथॉरिटी की ओर से 15 दिसंबर 2023 से स्पीड लिमिट को कम कर दिया जाएगा। जिसके बाद यह लिमिट 15 फरवरी 2024 तक रहेगी। अथॉरिटी की ओर से ऐसा हादसों को कम रखने के साथ ही वाहन सवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत में सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में ज्यादा धुंध पड़ने के कारण सड़क पर विजिबिलिटी काफी कम या जीरो हो जाती है। जिससे वाहन चलाने में काफी परेशानी होती है। कम विजिबिलिटी के कारण हादसे होने का खतरा भी बढ़ जाता है और अगर तेज स्पीड में वाहन चलाया जाता है तो हादसा और गंभीर होने का खतरा भी होता है। इसलिए यमुना अथॉरिटी की ओर से स्पीड लिमिट को कम किया गया है।