नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी में 24 साल के बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति पार्टी की कमान संभालने जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के आज नतीजे आ गए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को अध्यक्ष पद के चुनाव में हरा दिया । पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने जा रहे थे । लेकिन राजस्थान में हुए सिसायी ड्रामे के बाद उन्होंने सोनिया गांधी से मिलने के बाद अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था । इसके बाद खड़गे ने चुनाव लड़ने का फैसला किया था । मल्लिकार्जुन खड़गे को 7,897, जबकि शशि थरूर को 1,072 वोट मिले हैं ।
इस पर शशि थरूर ने कहा, ‘कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है, मैं मल्लिकार्जुन खरगे को इस चुनाव में उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं । अंतिम फैसला खरगे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं ।
कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में अभी तक अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ 6 बार चुनाव हुए हैं। कांग्रेस में 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए थे और अब 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। इस चुनाव में 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर कोई नेता कांग्रेस पार्टी की कमान संभालेगा।