नई दिल्ली । दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े मामले में सोमवार को दिन भर हुई गहन पूछताछ के बाद राज्य के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देर शाम सीबीआई मुख्यालय से बाहर निकले। केंद्रीय एजेंसी की ओर से मामले में दर्ज कराई गई एफआईआर में मनीष सिसोदिया को प्रथम आरोपी बनाया गया है।
सिसोदिया पूछताछ के लिए सुबह 11 बजे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। जब वह वहां पहुंचे तो उनके साथ आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
सूत्रों के मुताबिक भविष्य में भी सिसोदिया को पूछताछ के लिए समन जारी किया जा सकता है। सीबीआई ने सोमवार को आबकारी नीति और निजी शराब कारोबारियों से अधिकारियों द्वारा लिए गए रिश्वत के आरोपों से जुड़े 50 सवाल पूछे। सिसोदिया ने कहा कि राजनीतिक बदले की भावना से पूछताछ की जा रही है।
इसी बीच सिसोदिया ने सीबीआई ऑफिस से आने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा साइड में उन पर ऑपरेशन लोटस के तहत आम आदमी पार्टी को छोड़ने का दबाव बनाया गया।
मीडिया से बात करते हुए सिसोदिया ने कहा, आज उन्हें सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया था और उनसे 9 घंटे पूछताछ की गई। उन्होंने कहा एक्साइज पॉलिसी में जो कथित तौर पर घोटाला हुआ है उसके बारे में पूछताछ की गई। लेकिन सीबीआई ऑफिस में देखा कि वहां घोटाले को लेकर तो कोई मसला ही नहीं है । सारा केस फर्जी है।