मथुरा में ढाबे पर चल रहा था ‘एथेनॉल खेल’, टैंकरों से निकालकर पेट्रोल में मिलाकर बेचते थे, 5 गिरफ्तार
मथुरा। जनपद में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना जमुनापार पुलिस, रिवार्डिड टीम, आबकारी विभाग और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने लक्ष्मीनगर-गोकुल रोड स्थित ब्रजवासी ढाबा पर छापा मारकर 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जो टैंकरों से एथेनॉल निकालकर पेट्रोल में अपमिश्रण कर बाजार में बेच रहे थे।
कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे मुखबिर की सूचना पर की गई। मौके से एक ईको कार, चार टैंकर, करीब 300 लीटर अपमिश्रित तरल पदार्थ और टैंकर से तेल निकालने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था और ढाबे को ही अपना अड्डा बना रखा था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में ढाबा मालिक भूरा उर्फ मनोज (अलीगढ़), राजेंद्र प्रसाद उर्फ बबलू (आगरा), ओमपाल (अमरोहा), अंसार (मेरठ) और प्रमोद कुमार (बुलंदशहर) शामिल हैं। इनमें से कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें आबकारी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त टैंकरों से एथेनॉल निकालकर पेट्रोल में मिलाते थे और उसे बाजार में बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहे थे। इस गोरखधंधे से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि आम लोगों की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
इस मामले में थाना जमुनापार में मुकदमा संख्या 162/26 धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।
संयुक्त टीम में थाना जमुनापार के निरीक्षक नरेश कुमार, पूर्ति निरीक्षक रविकांत व संतोष कुमार वर्मा, आबकारी निरीक्षक ईशा गोयल व निहांत यादव समेत रिवार्डिड टीम के सदस्य शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी।