नोएडा । नोएडा सेक्टर 21 के जलवायु विहार में बाउंड्री वॉल गिरने निर्माणाधीन दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं, मलबे में कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। नोएडा के डीएम सुहास एल. वाई. ने पूरी घटना के जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नोएडा के सेक्टर 21 में जलवायु विहार की बाउंड्री वॉल करीब 25 साल पुरानी है। जिसके मरम्मत का कार्य चल रहा था। यह दीवार काफी जर्जर हो गई थी। जिसे दोबारा बनवाया जा रहा था।
मंगलवार सुबह ही काम करते वक्त अचानक ये भरभरा कर गिर गई। जिसके अंदर कई मजदूर दब गए। उनकी चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने राहत बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल जो सूचना मिली है उसके मुताबिक अभी 2 लोगों की मौत की खबर जिला अस्पताल से और अन्य दो अन्य लोगों की मौत की खबर प्राइवेट अस्पताल से आ रही है। अभी और कितने लोग दबे हैं यह कह पाना मुश्किल है फिर भी राहत बचाव कार्य लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जलवायु विहार में बाउंड्री वॉल की नाली की मरम्मत के दौरान लगभग 200 मीटर दीवार गिरने से हादसा हुआ। कुल 12 मजदूर वहां काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा है और मलबा हटाने का काम जारी है।