मथुरा में अवैध पार्किंग वसूली के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, अपर नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

मथुरा। नगर निगम क्षेत्र में पार्किंग ठेकेदारों द्वारा कथित रूप से की जा रही अवैध वसूली और ‘गुंडा टैक्स’ के विरोध में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जोरदार आवाज उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के नाम अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मंडी चौराहा, गोवर्धन चौराहा और नरहोली चौराहा सहित कई क्षेत्रों में पार्किंग ठेकेदार नियमों की अनदेखी कर आम जनता और वाहन चालकों से जबरन वसूली कर रहे हैं।
समाजवादी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव भारत भूषण शर्मा ने कहा कि ई-निविदा की शर्तों के अनुसार शुल्क केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही लिया जा सकता है, लेकिन यहां मुख्य मार्गों से गुजरने वाले वाहनों से भी पैसा वसूला जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिटी मजिस्ट्रेट के आदेशों के बावजूद सब्जी मंडी में ‘एंट्री टैक्स’ के नाम पर अवैध वसूली जारी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि शिकायत की तत्काल जांच कराई जाएगी और यदि ठेकेदार दोषी पाए गए तो उनके टेंडर निरस्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महानगर महासचिव रवि यादव ने कहा कि ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से रोजाना 50 से 100 रुपये की वसूली गरीबों के साथ अन्याय है।
यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव विभोर गौतम और लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव पवन चौधरी ने आरोप लगाया कि वसूली करने वाले कर्मियों के पास न तो वर्दी है और न ही पहचान पत्र, जिससे वे आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र ठाकुर और महानगर अध्यक्ष इमरान अब्बास ने दोषी ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रवि दिवाकर, सपा नेता शाहिद अल्वी, रचित शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने साफ कहा कि यदि अवैध वसूली पर जल्द रोक नहीं लगी तो सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।