श्रीनगर । केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों का शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है।
मंत्री श्रीनगर में युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने डल झील के किनारे ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मांडविया ने कहा कि यह पहल फिटनेस को जन आंदोलन बनाने की दिशा में अहम कदम है। उनका कहना रहा कि जब नागरिक स्वस्थ होंगे तभी समाज मजबूत बनेगा और स्वस्थ समाज ही विकसित भारत की नींव रख सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए देशभर में 16000 स्थानों पर ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि अब श्रीनगर के युवा हर रविवार साइकिल चलाकर फिट इंडिया का संदेश फैलाएंगे और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।