परिक्रमा के बीच राष्ट्रपति मुर्मू ने देखा ब्रज संस्कृति का रंग-गोल्फ कार्ट से उतरकर कार्यक्रम का लिया आनंद
ब्रज वसुंधरा वाटिका में परिवार संग सांस्कृतिक प्रस्तुति देख दी सराहना
गोवर्धन/मथुरा। गोवर्धन परिक्रमा के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का एक आत्मीय और सांस्कृतिक रूप भी देखने को मिला। शनिवार को परिक्रमा मार्ग में स्थित श्री ग्रुप की श्री राधा ब्रज वसुंधरा वाटिका में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उनका ध्यान आकर्षित किया जिसके बाद उन्होंने अपना गोल्फ कार्ट रुकवाया और स्वयं नीचे उतरकर कार्यक्रम का अवलोकन किया।
राष्ट्रपति ने अपने परिजनों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर ब्रज की लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक ब्रज झलकियों ने माहौल को भक्ति और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया, जिसे राष्ट्रपति ने बड़े ध्यान और उत्साह के साथ देखा।
इस दौरान उनकी उपस्थिति से कलाकारों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया।
राष्ट्रपति का यह सहज और आत्मीय व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। परिक्रमा जैसे धार्मिक कार्यक्रम के बीच ब्रज संस्कृति के प्रति उनका यह जुड़ाव स्थानीय लोगों के लिए गर्व का क्षण साबित हुआ।