बिजनौर में रोडवेज बस और इको वैन में भिड़ंत,चार श्रद्धालुओं की मौत, अन्य घायल

बिजनौर । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार तड़के रोडवेज बस और इको वैन में जबरदस्त भिडंत हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बिजनौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) डॉ प्रवीण रंजन ने बताया, बिजनौर के नजीबाबाद की तरफ से एक रोडवेज बस हरिद्वार जा रही थी। विपरीत दिशा से इको वैन आ रही थी। थाना मंडावली क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर के पास आपस में दोनों में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई, जबकि पांच लोग घायल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस 108 की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेजा गया है।

मृतकों की पहचान जिला फरुर्खाबाद के थाना व गांव राजेपुर निवासी सुमित पुत्र राम अवतार, पवन पुत्र शिवनंदन, मनजीत पुत्र रमेश चंद और अशोक पुत्र मदन पाल के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया, कार में आठ श्रद्धालु सवार थे। हरिद्वार दर्शन के बाद सभी श्रद्धालू वापस गांव राजेपुर, फर्रुखाबाद जा रहे थे। तभी वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार श्रद्धालुओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। बस और दुर्घटनाग्रस्त इको वैन को कब्जे में ले लिया गया है और बस चालक मनीष कुमार के खिलाफ थाना मंडावली में लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।