वेस्टइंडीज में भारतीय टीम का विजय रथ कारवां रोकने में मेजबान फेल , टी 20 के पहले मैच में 68 रन से चटाई धूल
वेस्टइंडीज में भारतीय टीम का विजय रथ तेजी से आगे बढ़ रहा है वन-डे सीरीज में मेजबान टीम को करारी शिकस्त देने के बाद अब 5 मैचो की टी 20 सीरीज के पहले मैच में 68 से हराकर अपनी जीत का परचम लहरा दिया है। भारत ने वेस्टइंडीज को पहले मैच में 68 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
निकोलस पूरन के नेतृत्व वाली वेस्टइंडीज की टीम ने ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी में खेले गए मैच में एक कमजोर टीम जैसा प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के पास भारत को कम स्कोर पर रोकने का मौका था लेकिन विंडीज गेंदबाज ऐसा करने में नाकाम रहे और भारत ने खराब गेंदबाजी का फायदा उठाते हुए मेजबान के सामने 191 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। इसके जवाब में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर मात्र 122 रन ही बना सकी।
2021 टी 20 वर्ल्ड कप में हार के बाद टीम के नए कप्तान चुने गए निकोलस पूरन ने कहा कि टीम हार के बाद काफी निराश है। निकोलस पूरन ने मैच के बाद कहा बतौर टीम निराश हैं। दर्शक यहां पर काफी शानदार हैं और हमने उन्हें निराश किया है। खिलाड़ी भी काफी हर्ट महसूस कर रहे हैं परन्तु टी20 सीरीज का ये पहला गेम है और हम वापसी करने पर ध्यान दे रहे हैं।
वेस्टइंडीज को धीमी ओवर की गति का खामियाजा आखिरी ओवरों में भुगतना पड़ा। टीम गेम के तय समय से दो ओवर पीछे थी, जिसके कारण टीम को 30 गज के सर्किल के अंदर पांच खिलाड़ियों को खड़ा करना पड़ा। भारत ने इसका पूरा फायदा उठाया और आखिरी दो ओवरों में 40 रन बना लिए।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चाहते हैं कि उनके बल्लेबाज ‘लंबे समय तक’ क्रीज पर बने रहे और अपनी शुरूआत को अच्छे स्कोर में तब्दील करें। रोहित के बाद दिनेश कार्तिक की मदद से भारत ने 16 वें ओवर में छह विकेट पर 138 रन के स्कोर को 190 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर में बदल दिया। यह स्कोर मेहमान टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 68 रन की जीत दिलाने के लिये काफी साबित हुआ।
रोहित ने 44 गेंद में 64 रन जबकि कार्तिक ने 19 गेंद में नाबाद 41 रन की पारी खेली। रोहित ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा हम जानते थे कि यह थोड़ा मुश्किल होने वाला है, शॉट लगाना शुरू में आसान नहीं था। जो खिलाड़ी क्रीज पर जमे हुए हैं, उन्हें लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी चाहिए और जिस तरह से हमने पहली पारी समाप्त की, वह शानदार प्रयास था।
उन्होंने कहा जब हमने पहले 10 ओवर खत्म किये थे तो हमने नहीं सोचा था कि हम 190 रन के स्कोर तक पहुंच पायेंगे। लड़कों ने शानदार प्रयास किया और अंत भी शानदार रहा। हम खेल के इन्हीं तीन पहलुओं में सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें अपने विचारों को बल्ले से तालमेल बैठाने का जरूरत है। हम कुछ चीजों को आजमाना चाहते हैं और कुल मिलाकर मुझे लगा कि यह बहुत अच्छा प्रयास है।