मथुरा में बारिश के कारण होने वाले जल भराव की समस्या से निजात के लिए नगर निगम ने बनाई योजना

शिकायत प्राप्त होने के 30 मिनट के अन्दर स्थल पर पहुंचेंगे पम्प सैट
सभी प्राथमिक/निजी स्कूल के आस-पास सफाई कराने के नगर आयुक्त ने दिए निर्देश

मथुरा। गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में उ.प्र. जल निगम मथुरा एवं नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अभियंताओं के साथ नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में उन्होंने जल भराव एवं संचारी रोग के सम्बन्ध में सभी विभागों को दिशा-निर्देश प्रदान किये गये।
बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा जलकल विभाग के समस्त अभियंता को निर्देशित किया कि शहर के नए बस स्टैंड और भूतेश्वर चौराहा सहित सभी अण्डरपास के नीचे वर्षा के दौरान पानी की निकासी हेतु 8-8 घण्टे की शिफ्ट वाईज कर्मचारी की डयूटी लगायी जाये जिससे वर्षा के दौरान समय से पम्प सुचारू किया जा सके। नगर निगम इलाके में कही भी किसी भी दशा में जल भराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाये। यदि कही भी जल भराव की स्थिति उत्पन्न होती है तो सम्बन्धित अभियंता के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जंहा भी जल भराव होने की आशंका है अथवा वर्षा के दौरान जहां जल भराव की समस्या उत्पन्न होती है उन स्थलों से पानी की निकासी हेतु अतिरिक्त पम्प सैट तैयार रखे जाये। वर्षा के दौरान जल भराव स्थल साथ ही अन्य किसी स्थल पर जल भराव की शिकायत प्राप्त होने पर 30 मिनट के अन्दर पानी की निकासी हेतु पम्प सैट लगा दिया जाये। इसी प्रकार उ.प्र. जल निगम मथुरा के परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया गया कि किसी भी परिस्थिति से निपटने हेतु पम्प सैट तैयार रखे जाये। जल निकासी में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुये नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं सभी सफाई निरीक्षकों को आदेशित किया गया कि नालियों की सफाई लगातार करायी जाये एवं नालियो पर एन्टीलार्वा का छिडकाव कराया जाये साथ ही डलाव घरो से कूडा उठाने के उपरान्त अनिवार्य रूप से चूना का छिडकाव कराया जाये। सभी सफाई निरीक्षक अपने वार्डों में आने वाले समस्त प्राथमिक विद्यालयों के अन्दर एवं आस-पास विशेष सफाई करायें। इसी प्रकार प्राईवेट स्कूल के आस-पास भी सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कि स्कूल के पास किसी भी दशा में गन्दगी, जल भराव आदि एकत्रित न हो। यदि ऐसा प्रकरण संज्ञान में आता है तो सम्बन्धित सफाई निरीक्षक के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त समस्त सहायक नगर आयुक्त लेखाधिकारी महाप्रबंधक जल नगर स्वास्थ्य अधिकारी अधिशासी अभियंता सिविल परियोजना प्रबंधक उ.प्र. जल निगम मथुरा सहायक अभियंता प्रकाश सहायक अभियंता जल समस्त सफाई निरीक्षक आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।