योगी ने दिया यमुना अथॉरिटी के सीईओ अरुणवीर सिंह को 1 साल का सेवा विस्तार

लखनऊ । यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह के कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। अरुण वीर सिंह को यूपी के एयरपोर्ट मैन के रूप में भी जाना जाता है। योगी सरकार ने अरुण वीर सिंह को 1 साल का सेवा विस्तार दिया है। बीते 14 जुलाई 2022 को उनका कार्यकाल खत्म हो गया था।

डॉक्टर अरुण वीर सिंह को सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद प्रशासनिक अधिकारी के रुप में जाना जाता है। योगी सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना नोएडा इंटरनेशनल जेवर हवाई अड्डे और ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी की जिम्मेदारी भी अरुण वीर सिंह पर है।

योगी सरकार ने 1000 एकड़ में देश की सबसे बड़ी फिल्म सिटी के निर्माण की घोषणा की थी। योजना के मुताबिक 1000 एकड़ में से 780 एकड़ भूभाग स्टूडियो स्थापित करने और अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा। 280 एकड़ भूमि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराई जानी है।