आजमगढ़ में सपा को झटका देंगी माया! गुड्डू जमाली को बनाया कैंडिडेट

लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में बहुजन समाज पार्टी की कड़ी हार के बाद पार्टी की मुखिया मायावती ने रविवार को पार्टी की चीफ मायावती ने लखनऊ में हार को लेकर समीक्षा बैठक की। इस मीटिंग में प्रदेश के सभी नेता मौजूद थे और मायावती ने अहम फैसला लेते हुए सभी कमेटियों को भंग कर दिया है। इसके अलावा आजमगढ़ लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशी का भी ऐलान कर दिया है। बसपा की ओर से गुड्डू जमाली को उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया गया है। वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को छोड़कर बसपा में शामिल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 403 सीट में से सिर्फ बलिया की रसड़ा पर जीत मिलने के बाद बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की चिंता काफी बढ़ गई थी। रविवार को उन्होंने लखनऊ में सभी प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ लखनऊ में बैठक के दौरान बड़ा कदम उठाया। मायावती ने उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी को भंग कर दिया। इतना ही नहीं तीन चीफ कोआर्डिनेटर की नियुक्ति भी की गई है। अब तीन चीफ कोआर्डिनेटर अन्य कोआर्डिनेटर पर निगाह रखेंगे। मायावती ने बैठक के दौरान ही शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव के बसपा का उम्मीदवार घोषित किया।

बहुजन समाज पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को छोडऩे वाले विधायक दल के नेता शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली को पार्टी में दोबारा शामिल किया है। गुड्डू जमाली विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ के मुबारकपुर से एआइएमआइएम के प्रत्याशी थे। एआइएमआइएम के गुड्डू जमाली ही इकलौते प्रत्याशी थे, जिनकी जमानत बची है। आजमगढ़ लोकसभा की सीट समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। ऐसे में अब यहां लोकसभा उपचुनाव होना है। चुनाव तारीख की घोषणा तो अभी नहीं हुई है लेकिन बसपा प्रमुख मायावती ने बड़ा दांव खेल दिया है। विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी गठबंधन की जीत हुई थी।