राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुखिया मोहन भागवत को भारत रत्न देने के लिए मोदी को लिखा पत्र

मथुरा। जनपद के प्रसिद्ध योगाचार्य और समाजसेवी बंशीधर अग्रवाल ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुखिया मोहन भागवत को भारत रत्न का पुरस्कार देने की मांग की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में बंशीधर अग्रवाल ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का एक मात्र सबसे बड़ा गैर राजनीतिक और स्वयं-सेवी संगठन है। राष्ट्र के प्रति तन-मन-धन से समर्पित यह संगठन प्रारंभ से ही नि:स्पृह भाव से विश्व-कल्याण की कामना करते हुए कार्य करता आ रहा है। हमारे देश पर शताब्दियों तक मुस्लिम आक्रांताओं ने तथा अंग्रेजों ने राज किया। इस देश को बचाने में असंख्य राष्ट्र-भक्तों में संघ के समर्पित स्वयं-सेवकों का विशेष रूप से योगदान रहा है। भविष्य में भी संघ जैसे संगठन पर हर किसी राष्ट्रवादी की आशाएं टिकी हुई हैं। आजादी बची रहे और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल यथावत् बना रहे, इसके लिए भी संघ का सम्मान नितांत आवश्यक है। आज देश पर जब भी कही कोई आपदा आती वहां संघ के कार्यकर्त्ता मदद के लिए खड़े हुए देखे जा सकते है। वर्तमान में इस संगठन के मुखिया सर संघ चालक मोहन भागवत जी हैं। इस वर्ष जबकि भारत को आजाद हुए भी 75 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं।
पत्र के अंत में उन्होंने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत-रत्न” संघ के वर्तमान मुखिया मोहन भागवत को प्रदान कर जन-भावनाओं का स्वागत और सम्मान किया जाने का अनुरोध किया हैं।